दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
हिमाचल प्रदेश के चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंबा जिले के ककीरा स्थित घार क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे एक इनोवा क्रिस्टा कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग गुजरात के टूरिस्ट थे, जो मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी। वाहन में ड्राइवर समेत कुल 10 लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त इनोवा क्रिस्टा मंडी जिले के नंबर की थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर कर दिया गया है।
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों में गुजरात के भावनगर की सिंधी कॉलोनी निवासी ललितभाई पतनानी और उनकी पत्नी ममताबेन पतनानी शामिल हैं। इसके अलावा प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, उनकी पत्नी काजल और बेटा दियांश की भी मौत हो गई। वहीं छठे मृतक की पहचान जसवंत कुमार (51) के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के जोगिंदरनगर तहसील के गांव कोहरा के निवासी थे और टूरिस्टों के साथ ड्राइवर के तौर पर यात्रा कर रहे थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में खराब मौसम और फिसलन को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।