दोआबा न्यूजलाइन।सतपाल शर्मा
नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित Tribhuvan International Airport पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इस्तांबुल से आ रही Turkish Airlines की फ्लाइट TK-726 के लैंडिंग करते ही उसके पहियों से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। घटना सुबह करीब पौने सात बजे की बताई जा रही है।
विमान में लगभग 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। आग लगते ही एयरपोर्ट प्रशासन, दमकल विभाग और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद राहत की सांस ली गई।
इमरजेंसी गेट खोलकर यात्रियों को निकाला गया बाहर
स्थिति गंभीर होते देख विमान के इमरजेंसी दरवाजे खोले गए और सभी यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी लोग सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। विमान में संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कुछ अधिकारी भी मौजूद बताए जा रहे हैं।
रनवे पर रुका विमान, कई उड़ानों पर पड़ा असर
घटना के बाद विमान रनवे पर ही खड़ा रहा, जिसके कारण एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो गई। बड़े विमानों की लैंडिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई, जिससे कई फ्लाइट्स को आसमान में होल्ड करना पड़ा।
दिल्ली, दुबई, शारजाह, भूटान और क्वालालंपुर से आने वाली कई उड़ानों को तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने स्थिति सामान्य होने तक विमानों को हवा में चक्कर लगाने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विमान के दाहिने लैंडिंग गियर से आग की लपटें और भारी धुआं उठता दिखाई दे रहा है। यात्रियों को घबराहट के बीच इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकलते देखा गया।
जांच शुरू, पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण टायर में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में भी इसी एयरपोर्ट पर Turkish Airlines के विमान से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई थी।