दोआबा न्यूज़लाइन। जालंधर
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और तेल-गैस संकट के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से संयम बरतने की अपील अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गई है। पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल और गैस का कम इस्तेमाल करने, मेट्रो में सफर करने और अगले एक साल तक सोना न खरीदने की बात कही थी। इस बयान पर कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने सरकार पर निशाना साधा है।
खाड़ी संकट का भारत पर असर
प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना के हैदराबाद में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि खाड़ी क्षेत्र में बने तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत भी इससे प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं, इसलिए लोगों को ईंधन की बचत करनी होगी।
जनता से संयम बरतने की अपील
पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस का कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है वहां लोग निजी वाहनों की बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करें। साथ ही वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्पों को अपनाने पर भी जोर दिया।
“एक साल तक सोना न खरीदें”
प्रधानमंत्री ने विदेशी मुद्रा बचाने का जिक्र करते हुए कहा कि देशहित में लोगों को अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले युद्ध के समय लोग देश के लिए सोना दान करते थे, लेकिन अब सिर्फ संयम और जागरूकता की जरूरत है।
राहुल गांधी ने साधा निशाना
पीएम मोदी की अपील पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए जनता से त्याग मांग रही है। उन्होंने लिखा कि “सोना मत खरीदो, पेट्रोल कम जलाओ, विदेश मत जाओ… ये सलाह नहीं बल्कि सरकार की विफलता के सबूत हैं।”
“जिम्मेदारी जनता पर डाल रही सरकार”
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश को ऐसे हालात में पहुंचा दिया गया है कि अब सरकार लोगों को यह बताने लगी है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार सरकार जवाबदेही लेने की बजाय आम जनता पर बोझ डाल देती है।