दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अमृतसर के गांव सुदार में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के मौजूदा कांग्रेस सरपंच निशान सिंह के घर के बाहर जोरदार धमाका हुआ। हमलावरों ने कथित तौर पर बम जैसी वस्तु से ब्लास्ट किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
विदेशी नंबर से आई थी धमकी
सरपंच निशान सिंह ने बताया कि उन्हें 9 तारीख की दोपहर एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर जीवन फौजी बताया और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोप है कि रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।
धमाके से सहमे गांव के लोग
रात के समय हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। उस वक्त सरपंच का परिवार घर में मौजूद था, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। हालांकि घटना के बाद परिवार और गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
ब्लास्ट के बाद दोबारा आई धमकी
जानकारी के मुताबिक, धमाके के कुछ समय बाद सरपंच को फिर कॉल की गई। कॉल करने वाले ने कहा कि दो दिनों के भीतर पैसे चाहिए, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। धमकी में यह भी कहा गया कि “तुम्हारे आसपास मौत घूम रही है।”
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।