दिनेश ढल को हटाकर विनीत धीर को दी नॉर्थ हल्के की जिम्मेदारी
जगरूप सिंह सेखवां बने प्रदेश उपाध्यक्ष, जालंधर नॉर्थ सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में बदले हलका इंचार्ज
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब में अपने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश स्तर से लेकर विधानसभा हलकों तक कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की है। इस बदलाव के तहत 3 विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, जबकि जगरूप सिंह सेखवां को पंजाब का नया प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है।

3 विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका इंचार्ज
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार जालंधर नॉर्थ में दिनेश ढल्ल की जगह वनीत धीर को नया हलका इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वहीं फतेहगढ़ चूड़ियां विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी जोबन रंधावा को सौंपी गई है। इसके अलावा पट्टी विधानसभा क्षेत्र में जस्सा पट्टी को नया हलका इंचार्ज बनाया गया है।
जगरूप सिंह सेखवां बने प्रदेश उपाध्यक्ष
संगठनात्मक बदलाव के तहत पार्टी ने वरिष्ठ नेता जगरूप सिंह सेखवां को पंजाब का नया प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा और प्रदेश स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक इन बदलावों का मकसद कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए पार्टी नए पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप रही है।
चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा फैसला
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन में किए गए ये बदलाव आगामी चुनावों की रणनीति का हिस्सा हैं। आम आदमी पार्टी लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा कर रही है और जरूरत के मुताबिक जिलों व विधानसभा क्षेत्रों में नई नियुक्तियां कर रही है। नए पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे।