दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह और डॉ. अशोक मित्तल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक मुलाकात की। आम आदमी पार्टी (AAP) से भाजपा (BJP) में शामिल होने के बाद दोनों नेताओं की पीएम मोदी के साथ यह पहली बैठक थी। हाल ही में उच्च सदन पहुंचे नए सांसदों के लिए आयोजित इस परिचयात्मक मुलाकात के दौरान देश और राज्य से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर अनुभव साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात हमेशा ही सम्मानजनक और प्रेरणादायक होती है। उन्होंने बताया कि इस चर्चा के दौरान देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और भारत के समग्र विकास जैसे प्राथमिक विषयों पर विस्तार से बात हुई। हरभजन सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री की बातें बहुत कुछ सीखने का अवसर देती हैं। वे बेहद सादगी के साथ अपने विचारों को सामने रखते हैं।”
वहीं, सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने प्रधानमंत्री को पंजाब की पारंपरिक और हस्तनिर्मित ‘फुलकारी’ भेंट कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान जताया। डॉ. मित्तल ने कहा कि यह भेंट केवल एक औपचारिक उपहार नहीं, बल्कि समस्त पंजाबियों के स्नेह, आदर और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि ‘विकसित भारत’ के विजन और राष्ट्र निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन ने जनसेवा के प्रति उनके संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया है।
मुलाकात के दौरान दोनों सांसदों ने केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की।