दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
न्यू माधोपुरी कॉलोनी में एक कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंशिका के रूप में हुई है। वह मास्टर तारा सिंह कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी।
घर पर हुई घटना
जानकारी के मुताबिक अंशिका रविवार को अपने घर में थी। इसी दौरान उसने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। घटना का पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
भाई को फोन पर मिली जानकारी
मृतका के भाई राहुल ने बताया कि घटना के समय वह अपनी दुकान पर गया हुआ था। इसी दौरान उसे फोन के जरिए बहन के बारे में जानकारी मिली। परिवार के अनुसार घर में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था और फिलहाल उन्हें किसी व्यक्ति पर कोई शक नहीं है।
मोबाइल की भी जांच
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन की भी जांच की है, लेकिन परिजनों के अनुसार उसमें फिलहाल कोई ऐसी संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं होने की बात सामने आई है। परिवार ने बताया कि अंशिका पढ़ाई के साथ घर पर सिलाई का काम भी करती थी।
पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी स्थिति
थाना मेहरबान के जांच अधिकारी सुदेश कुमार के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।