होटल के कमरे में कनपटी पर लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित एक होटल में देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से लॉ के अंतिम वर्ष के छात्र अजय गिल की मौत हो गई। गोली अजय की कनपटी पर लगी थी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला था।
सेक्टर-26 क्लब में पार्टी के बाद होटल पहुंचे थे दोस्त
जानकारी के अनुसार, अजय अपने दोस्त शानू गुप्ता के साथ सेक्टर-26 स्थित हॉलवे क्लब में पार्टी करने गया था, जहां एक महिला भी मौजूद थी। क्लब में शराब पीने के बाद वे पहले कुछ समय एक अन्य होटल में रुके और फिर देर रात सेक्टर-17 स्थित होटल पहुंचे, जहां यह सनसनीखेज घटना हुई।
नशे की हालत में सिर टकराने और पिस्तौल से फायर होने का दावा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कमरे में मौजूद अजय अत्यधिक नशे की हालत में था। बाथरूम जाने के दौरान उसका सिर किसी चीज से टकरा गया जिससे खून बहने लगा। इसके बाद कमरे में रखी पिस्तौल उसके हाथ लग गई और अचानक गोली चल गई। हालांकि पुलिस इस कहानी की पुष्टि नहीं कर रही है और हर एंगल से जांच कर रही है।
पिस्तौल के असली मालिक और लाइसेंस की पड़ताल शुरू
जिस पिस्तौल से गोली चली, पुलिस उसके लाइसेंस और मालिक का पता लगाने में जुटी हुई है। जांच अधिकारी यह खंगाल रहे हैं कि यह हथियार होटल के कमरे तक कैसे पहुंचा और घटना के वक्त अजय के हाथ में कैसे आया। इसके लिए होटल और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज जांची जा रही है।
शराब लेने गया दोस्त लौटा तो अस्पताल ले जाने की हो रही थी तैयारी
अजय के दोस्त नवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वे सेक्टर-17 में शराब के ठेके पर गए थे। अजय पार्किंग के पास बैठा था और वह खुद शराब की बोतल लेने चला गया। जब वह वापस लौटा तो अजय के दोस्त उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे और बताया गया कि उसे गोली लग गई है।
पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच से साफ होगी मौत की असली वजह
अजय का शव सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के सामने अब यह मुख्य सवाल हैं कि क्या गोली दुर्घटनावश चली, अजय ने खुदकुशी की या फिर किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका है। पोस्टमॉर्टम, फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और दोस्तों से पूछताछ के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।