दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर के रंधावा मसंदा गांव में 70 वर्षीय राम प्रकाश पुत्र नावां राम की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
राम प्रकाश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के साथ पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। पूरी रात तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।

क्रिकेट ग्राउंड के पास मिला शव
रविवार सुबह रंधावा मसंदा के क्रिकेट ग्राउंड के नजदीक राम प्रकाश का शव बरामद हुआ। घटनास्थल के पास ही उनकी साइकिल भी मिली। शव पर कई जगह चोटों के निशान थे। चेहरे पर भी गंभीर चोट के निशान पाए गए। परिजनों ने शव की पहचान राम प्रकाश के तौर पर की।

शव को जलाने की कोशिश का शक
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग के साथ काफी बेरहमी की गई। शव को जलाने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। चेहरे पर पत्थर से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने का काम किया।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस ने वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राम प्रकाश आखिरी बार किसके साथ देखे गए थे और घटनास्थल तक कैसे पहुंचे। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।