- कूड़े के ढेर, सीवरेज, पानी और विकास कार्यों को लेकर AAP सरकार पर साधा निशाना
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
सांसद चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार को दिशा कमेटी की बैठक को लेकर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के बैठक में मौजूद नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
अधिकारियों की गैरहाजिरी पर सवाल
चन्नी ने कहा कि दिशा कमेटी की बैठक केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण होती है। इसके बावजूद बैठक में जिले के प्रमुख अधिकारियों का मौजूद न होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि दोनों अधिकारी किसी काम से बाहर गए हुए हैं और उनकी जगह अन्य अधिकारियों को बैठक में भेजा गया।
सोमवार को फिर होगी बैठक
सांसद ने कहा कि अधिकारियों की गैरमौजूदगी के कारण अब बैठक दोबारा सोमवार को रखी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली बैठक में भी संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं हुए तो वह पूरे मामले की शिकायत लोकसभा स्पीकर से करेंगे।
शहर में सफाई व्यवस्था पर हमला
चन्नी ने जालंधर में सफाई व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लगे हैं और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका आरोप था कि सफाई व्यवस्था का ठेका करोड़ों रुपये में निजी कंपनी को देने के बावजूद शहर में हालात सुधरने के बजाय बिगड़ रहे हैं।
पानी और सीवरेज की समस्या
सांसद ने कहा कि वेस्ट विधानसभा क्षेत्र समेत कई इलाकों में लोगों को पानी और सीवरेज की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सीवरेज की निकासी नहीं हो रही और सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
विकास कार्यों में देरी का आरोप
चन्नी ने कहा कि जालंधर की अलग-अलग विधानसभा सीटों में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। आदमपुर में सड़क और ओवरब्रिज से जुड़े कार्यों के लिए केंद्र से फंड मंजूर करवाने के बावजूद काम पूरा नहीं होने का उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों के विकास से जुड़े कई कार्य भी अधर में पड़े हैं।
कर्मचारियों और पेंशन को लेकर सरकार पर निशाना
चन्नी ने सरकारी कर्मचारियों के डीए, पेंशन और गांवों के विकास के लिए फंड जारी नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने धरने-प्रदर्शन खत्म करने का दावा किया था।
दिल्ली की कंपनियों को ठेके देने का आरोप
सांसद ने पंजाब में बाहर की कंपनियों को सरकारी काम और ठेके दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के संसाधनों और विकास कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
CM मान पर चन्नी का तीखा हमला
चन्नी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री का कार्यालय भ्रष्टाचार का केंद्र बन जाए तो इससे शर्मनाक स्थिति नहीं हो सकती। चन्नी ने अपने आरोपों के समर्थन में अदालत में चल रहे मामलों और सरकार पर लगे आरोपों का भी जिक्र किया।
चन्नी ने कहा कि पंजाब में जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों का समाधान होना चाहिए और अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में गंभीरता से भाग लेना चाहिए।