दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
जालंधर शहर में शुक्रवार को एक 9वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। छात्रा स्कूल में टेनिस खेलने के लिए गई थी, लेकिन बाद में उसका शव जालंधर हाइट्स सोसाइटी में मिला। पुलिस का कहना है कि छात्रा ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है, जबकि परिजनों ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक छात्रा की पहचान 16 वर्षीय भूमिका, निवासी अर्बन एस्टेट के रूप में हुई है। वह कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा थी और नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह स्कूल परिसर में बने टेनिस कोर्ट में खेलने के लिए गई थी। इसके बाद वह हाइट्स सोसाइटी में कैसे पहुंची, इस बारे में फिलहाल किसी को स्पष्ट जानकारी नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोसाइटी के भीतर जब लोगों ने एक किशोरी को बेसुध हालत में पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों को बताया कि छात्रा ने सोसाइटी की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। यह सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंच गए।

घटना के बाद अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती थी। छात्रा के पिता सुनील सिंगला ने पुलिस के आत्महत्या वाले दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बेटी के पैर में कट का निशान मिला है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर ज्यादा चोट के निशान नहीं हैं। उनका कहना है कि अगर छठी मंजिल से गिरकर मौत हुई होती तो शरीर पर गंभीर चोटें और खून के निशान होने चाहिए थे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
वहीं पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि उस नोट में क्या लिखा है, इसकी जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नोट की जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रा सोसाइटी में कब और कैसे पहुंची। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दे रहे हैं।