दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। इसे देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए जरूरी बैंकिंग कार्य हड़ताल की संभावित तारीखों से पहले पूरा करने की सलाह दी है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान ग्राहकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, हालांकि बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहक पहले से तैयारी रखें।
जरूरी लेनदेन पहले निपटाने की सलाह
एसबीआई ने ग्राहकों से कहा है कि जिन लोगों को बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी लेनदेन या अन्य कार्य करना है, वे उसे 28 सितंबर से पहले पूरा कर लें। इससे हड़ताल के दौरान संभावित परेशानी और इंतजार से बचा जा सकेगा। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्यों की पहले से योजना बनाएं।
नकदी की जरूरत के लिए एटीएम का करें इस्तेमाल
बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि जिन्हें नकदी की आवश्यकता है, वे हड़ताल शुरू होने से पहले एटीएम या एडीबीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल कर अपनी जरूरत पूरी कर लें। हालांकि डिजिटल और वैकल्पिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, फिर भी नकदी की जरूरत वाले ग्राहक पहले से व्यवस्था कर सकते हैं।
डिजिटल बैंकिंग से भी पूरे होंगे कई काम
एसबीआई ने ग्राहकों को बैंकिंग जरूरतों के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी सुविधाओं के जरिए कई बैंकिंग कार्य घर बैठे कर सकते हैं। बैंक का कहना है कि इन माध्यमों का उपयोग करने से शाखा पर निर्भरता कम होगी और हड़ताल की स्थिति में भी जरूरी लेनदेन किए जा सकेंगे।
ग्राहक सेवा केंद्र का भी विकल्प
एडवाइजरी में ग्राहकों को ग्राहक सेवा केंद्र का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बैंक ने कहा है कि उपलब्ध सेवाओं के अनुसार ग्राहक वैकल्पिक माध्यमों से अपनी बैंकिंग जरूरतें पूरी कर सकते हैं। एसबीआई ने ग्राहकों से सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
बैंक ने असुविधा पर जताया खेद
एसबीआई की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि संभावित हड़ताल के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे। इसके बावजूद कुछ सेवाओं पर असर पड़ने की स्थिति में ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए बैंक ने खेद जताया है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल की प्रस्तावित तारीखों को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते पूरे कर लें।