धर्मकोट में प्रोजेक्ट्स की झड़ी, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शनिवार 21 मार्च को मोगा जिले के धर्मकोट का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई अहम विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। दौरे को लेकर उपायुक्त सागर सेतिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया।
स्वास्थ्य और शिक्षा को मिलेगा बड़ा बूस्ट
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान धर्मकोट में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर फोकस करेंगे। पीएचसी को अपग्रेड कर सब-डिवीजनल अस्पताल बनाने की आधारशिला रखी जाएगी। इसके साथ ही कैला में नए स्कूल ऑफ एमिनेंस का शिलान्यास होगा, जिससे छात्रों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।
दाना मंडी में विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री धर्मकोट की दाना मंडी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को जनता के सामने रख सकते हैं।
4 साल पूरे होने के बाद सरकार के दावों की परीक्षा
16 मार्च 2026 को पंजाब सरकार के चार साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर भगवंत सिंह मान ने दावा किया था कि सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा कर दिया है। अब आगे आने वाली योजनाओं को उन्होंने जनता के लिए “बोनस” बताया है।
2027 चुनाव से पहले तेज हुई सियासी हलचल
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सरकार एक्टिव मोड में नजर आ रही है। अपने आखिरी बजट में सरकार ने महिलाओं के लिए 1000 रुपये प्रति माह और एससी वर्ग की महिलाओं के लिए 1500 रुपये प्रति माह देने की घोषणा कर बड़ा चुनावी दांव चला है।