दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम स्थल के बाहर अचानक फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे।
बॉलरूम के बाहर फायरिंग, अंदर मौजूद थे ट्रम्प और वीआईपी गेस्ट
शनिवार शाम आयोजित इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर गोलीबारी की। उस समय डोनाल्ड ट्रम्प, मेलानिया ट्रम्प और जेडी वेंस समेत अन्य मेहमान अंदर मौजूद थे। घटना के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया।

सुरक्षाकर्मी को लगी गोली, बुलेटप्रूफ जैकेट से बची जान
फायरिंग के दौरान एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर के पास पावरफुल हथियार था और उसकी मंशा गंभीर नुकसान पहुंचाने की थी।

डोनाल्ड ट्रम्प बोले- ‘संविधान पर हमला’, सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद डोनाल्ड ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह अमेरिका के संविधान पर हमला है। उन्होंने सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया—अचानक मची भगदड़
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि पहले तेज आवाज सुनाई दी, जिसे सामान्य शोर समझा गया। लेकिन कुछ ही सेकेंड में स्थिति स्पष्ट हो गई और लोग टेबलों के नीचे छिपने लगे। सुरक्षाकर्मी हथियारों के साथ अंदर पहुंचे और डोनाल्ड ट्रम्प सहित सभी वीआईपी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कैबिनेट सदस्यों को भी सुरक्षित निकाला गया
घटना के दौरान स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ और विटकॉफ समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रम्प का सोशल मीडिया पोस्ट—‘स्थिति नियंत्रण में’
डोनाल्ड ट्रम्प ने बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्यक्रम को जारी रखने का सुझाव दिया गया।
क्या है व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर
यह एक प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें मीडिया और राजनीति जगत के दिग्गज शामिल होते हैं। इस मंच पर अक्सर नेता हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी और अपने विरोधियों की आलोचना भी करते हैं।