US-ईरान तनाव और मजबूत जॉब डेटा का असर, निवेशकों को प्रॉफिट-बुकिंग की सलाह
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
सोमवार, 6 अप्रैल को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव में भी हल्की कमजोरी रही। बाजार में यह दबाव मुख्य रूप से अमेरिकी डॉलर की मजबूती और निवेशकों की प्रॉफिट-बुकिंग के कारण बना।
सुबह करीब 10 बजे MCX पर सोने का जून फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 324 रुपये यानी 0.22% गिरकर 1,49,425 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, चांदी का मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 768 रुपये यानी 0.33% की गिरावट के साथ 2,31,935 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था।
देश के सर्राफा बाजार की बात करें तो दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, यूपी और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में चांदी का भाव 100 रुपये गिरकर 2,49,900 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में चांदी की कीमत 2,54,900 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बनी हुई है।
बाजार पर दबाव की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती मानी जा रही है। डॉलर इंडेक्स 100 के ऊपर बना हुआ है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना महंगा हो गया है और इसकी मांग पर असर पड़ा है। इसके पीछे अमेरिकी जॉब डेटा का मजबूत रहना भी एक अहम कारण है, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा जल्द ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हो गई है।
इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी भी बाजार की दिशा तय कर रही है। ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है, जो कई सालों का उच्च स्तर है। US-ईरान के बीच जारी तनाव, जो अब छठे सप्ताह में पहुंच चुका है, तेल की कीमतों को सहारा दे रहा है और महंगाई की चिंता बढ़ा रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि इस सप्ताह सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि शॉर्ट टर्म निवेशक तेजी आने पर मुनाफावसूली करें और नई खरीदारी से पहले कीमतों में और स्थिरता का इंतजार करें।