दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
फिल्लौर। लुधियाना-फिल्लौर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की दोनों टांगों में गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, ट्रक अपनी दिशा में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्टिवा एक कार को ओवरटेक करते हुए अचानक ट्रक के सामने आ गई। ट्रक चालक ने हादसा टालने के लिए ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।