दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर में रविवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसा पलटा खाया कि लोगों की दिनचर्या तक बदल गई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुआ दिन कुछ ही देर में बारिश में बदल गया, जिससे शहर की रफ्तार धीमी पड़ गई।
सुबह-सुबह सूनी रहीं सड़कें
तेज हवाओं और धूल के कारण विजिबिलिटी कम हो गई, जिससे लोग घरों में ही रहना बेहतर समझे। आम दिनों के मुकाबले बाजार और सड़कें काफी शांत नजर आईं। कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे रास्तों में रुकावट भी आई।
बिजली सप्लाई पर असर
आंधी के चलते एहतियातन कई इलाकों में बिजली सप्लाई कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। इससे लोगों को परेशानी जरूर हुई, लेकिन बाद में हालात संभलते ही सप्लाई बहाल कर दी गई।
जलभराव से बढ़ी परेशानी
बारिश के बाद शहर के निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ इलाकों में जल निकासी की समस्या फिर उजागर हुई।
दोपहर में फिर बदला मौसम
दोपहर तक धूप निकलने से हालात सामान्य होने लगे और लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में ऐसे बदलाव जारी रह सकते हैं।
आगे भी मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण पंजाब में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं, गरज-चमक और रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।