दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं।
सुबह 4 बजे लगी आग, कई फ्लैट्स चपेट में
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4 बजे मिली। देखते ही देखते आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई और 5-6 फ्लैट इसकी चपेट में आ गए।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद किए गए—पहली मंजिल से 1, दूसरी से 5 और तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से 3 शव मिले। सीढ़ियों का गेट बंद होने के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके। कुछ शव बुरी तरह जल चुके थे।
बालकनी और खिड़कियों से बचाई गई जानें
घटना की सूचना मिलते ही 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बालकनी और खिड़कियों के रास्ते करीब 15 लोगों को रेस्क्यू किया।
घायलों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रिल और लॉक गेट बने जानलेवा
दमकल अधिकारियों के अनुसार आग इमारत के पिछले हिस्से से शुरू हुई, जहां खिड़कियों पर लगी लोहे की ग्रिल और बंद गेट ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। इसी कारण पीछे की ओर ज्यादा जानमाल का नुकसान हुआ।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं:
शिखा जैन (45), अनिता जैन (58), निशांत जैन (35), अंचल जैन (33), नितिन जैन (50), शैली जैन (48), समयंक जैन (25), अरविंद लाल (60)।
एक शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
आग के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
हाल ही में गाजियाबाद में भी हुआ था बड़ा अग्निकांड
29 अप्रैल को गाजियाबाद में एक 15 मंजिला अपार्टमेंट में आग लग गई थी। आग 9वें फ्लोर से शुरू होकर 7 मंजिलों तक फैल गई थी। हालांकि समय रहते लोग बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।