दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
जालंधर पुलिस ने पंजाब में हुए ब्लास्ट और ग्रेनेड हमलों के मामले में बड़ी सफलता का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, नवांशहर के बंगा निवासी दविंदर नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आए ग्रेनेड आगे सप्लाई करता था। हालांकि अब तक पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी कोई फोटो या वीडियो जारी नहीं की गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान का जालंधर दौरा तय था।
जमशेर इलाके से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को जालंधर के जमशेर इलाके से काबू किया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि दविंदर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था और उसने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं।
ड्रोन से आए ग्रेनेड आगे पहुंचाने का आरोप
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए ग्रेनेड रिसीव कर उन्हें आगे सप्लाई करता था। एजेंसियों को शक है कि चंडीगढ़ स्थित पंजाब बीजेपी दफ्तर पर हुए हमले में इस्तेमाल ग्रेनेड भी इसी नेटवर्क के जरिए पहुंचाए गए थे।
फगवाड़ा धमाके में भी भूमिका की आशंका
जांच में यह भी सामने आया है कि फरवरी में फगवाड़ा बस अड्डे के पास हुए धमाके में भी आरोपी की भूमिका हो सकती है। एजेंसियों को उसके तार विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े मिले हैं। इस मामले में दिल्ली से भी एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
BSF मुख्यालय धमाके की जांच NIA के पास
जालंधर स्थित BSF पंजाब हेडक्वार्टर के बाहर हुए IED धमाके की जांच अब NIA ने संभाल ली है। पुलिस को घटना से जुड़े नए CCTV फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया है।
कम क्षमता वाली IED होने का दावा
डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि विस्फोट के बाद फैली कालिख और काले धुएं से साफ है कि IED का इस्तेमाल किया गया था। उनका मानना है कि इसमें कम मात्रा में विस्फोटक सामग्री इस्तेमाल की गई थी, जिससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
‘खालिस्तान लिबरेशन आर्मी’ पर पुलिस का बयान
पंजाब Police के DGP गौरव यादव ने कहा है कि जिस “खालिस्तान लिबरेशन आर्मी” नाम से धमाकों की जिम्मेदारी ली गई, दुनिया में ऐसा कोई सक्रिय संगठन मौजूद नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे पोस्टर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की ओर से दहशत फैलाने और माहौल खराब करने के लिए जारी करवाए जाते हैं।