दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
देश की राजधानी दिल्ली में मिलावटी और नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। क्राइम ब्रांच ने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में चल रही एक अवैध यूनिट का पर्दाफाश किया है, जहां ब्रांडेड ENO और कॉफी के नाम पर नकली सामान तैयार किया जा रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आरोपी किराए के फ्लैटों में मशीनों के जरिए नकली उत्पादों की पैकिंग और निर्माण कर रहे थे। ये सामान हूबहू असली ब्रांड जैसा दिखता था, जिससे आम ग्राहक आसानी से धोखा खा जाते थे।
कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली माल बरामद किया गया। इसमें हजारों की संख्या में ENO के सैशे, कॉफी के पैकेट, बड़ी मात्रा में कॉफी पाउडर, केमिकल से भरे ड्रम, पैकिंग मशीनें और ब्रांडेड पैकेजिंग सामग्री शामिल है। जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह रैकेट पिछले कुछ समय से सक्रिय था और पूरे देश में नकली उत्पादों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य संचालक को देहरादून से दबोचा, जबकि एक अन्य आरोपी को दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र से पकड़ा गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के पास किसी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति नहीं थी और पूरा कारोबार अवैध तरीके से चलाया जा रहा था। संबंधित कंपनियों ने भी बरामद उत्पादों को पूरी तरह नकली बताया है।
पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चैन और कच्चे माल के स्रोत की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के गिरोहों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।