दोआबा न्यूजलाइन । सतपाल शर्मा
पंजाब की उभरती हुई गायिका इंदर कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इंदर कौर का शव लुधियाना के नीलों नहर इलाके से मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की जांच के दौरान अब कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इंदर कौर बीते कुछ दिनों से लापता थीं। परिवार ने पहले ही अपहरण की आशंका जताई थी। जांच में सामने आया कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड विदेश में बैठा हुआ है, जिसने अपने साथियों के जरिए वारदात को अंजाम दिलवाया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक व्यक्ति मुख्य आरोपी का बेहद करीबी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उसका पिता है। पुलिस को जांच के दौरान एक कार भी बरामद हुई है, जिसमें संदिग्ध सबूत मिलने की बात कही जा रही है।
परिवार का आरोप है कि इंदर कौर पर लगातार शादी का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी मिली थीं। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी तक पहुंचने के लिए विदेश कनेक्शन खंगाल रही है और कई टीमों को जांच में लगाया गया है।