दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
सितंबर 2026 में नई दिल्ली में होने वाले BRICS Summit को लेकर बड़ी कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping भारत दौरे की तैयारी में हैं। अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा तो वे 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंच सकते हैं।
शी जिनपिंग का यह करीब 7 साल बाद पहला भारत दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने आखिरी बार 2019 में भारत का दौरा किया था। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में सीमा तनाव के बावजूद इस संभावित यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है।
वहीं रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin के भारत आने की पुष्टि हो चुकी है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने बताया कि पुतिन सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS Summit में शामिल होंगे। यह एक साल के भीतर उनका दूसरा भारत दौरा होगा।
रूस के क्रेमलिन के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार Yuri Ushakov ने भी कहा है कि राष्ट्रपति पुतिन 12-13 सितंबर को भारत में आयोजित BRICS सम्मेलन में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सम्मेलन के दौरान पुतिन और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
पुतिन ने इससे पहले दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत का दौरा किया था। इसके अलावा हाल ही में रूसी विदेश मंत्री Sergey Lavrov भी नई दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने BRICS देशों की बैठक में भाग लिया।
नई दिल्ली में होने वाला BRICS Summit 2026 इस बार वैश्विक राजनीति और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें दुनिया की कई बड़ी शक्तियों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी रहने वाली है।