दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अलास्का चौक के नजदीक शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब रेलवे रोड की ओर जा रहे स्कूटी सवार को करतार बस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डिलीवरी बॉय होने की आशंका
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक की स्कूटी पर रखा डिलीवरी बैग था, जिस पर जोमैटो का नाम लिखा हुआ था। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक डिलीवरी का काम करता था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सड़क के गड्ढे को बताया हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शी राकेश के मुताबिक स्कूटी सवार सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। लोगों ने बस चालक को रुकने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन इसी दौरान स्कूटी सवार बस के पहिए के नीचे आ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कंडक्टर हिरासत में, चालक फरार
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बस के कंडक्टर दलबीर सिंह को हिरासत में लिया है, जबकि चालक प्रकाश सिंह मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार कंडक्टर से पूछताछ के बाद हादसे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाएगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
जांच अधिकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।