दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
लुधियाना रायकोट के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी के मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पांच लोग कार में सवार होकर नकोदर से डिड़बा की ओर जा रहे थे। रात करीब 1:15 बजे रायकोट से लगभग 12 किलोमीटर दूर गांव बसियां के पास अचानक चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा। कार सड़क किनारे स्थित छप्पड़ (तालाब) में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि कार तेजी से पानी में समा गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया। मृतकों में आप नेता बलकार सिंह, विशाल और संदीप के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कार को तालाब से बाहर निकालकर मृतकों के शव सरकारी अस्पताल में रखवाए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
संदीप के मामा शेर के अनुसार, रात में संदीप से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वे माथा टेकने जा रहे हैं। इसके बाद परिवार को हादसे की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके के लिए रवाना हुए।