दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
हिमाचल प्रदेश में इस साल जनगणना प्रक्रिया आधुनिक तकनीक के साथ शुरू होने जा रही है। राज्य में 16 जून से 15 जुलाई तक घर-घर सर्वे किया जाएगा, जबकि लोग 1 जून से ऑनलाइन पोर्टल के जरिए खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल तरीके से होगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के जरिए जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। परिवारों से मकान, सुविधाओं, परिवार के सदस्यों और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे।

सरकार ने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा शुरू होने से लोगों को अपने समय अनुसार जानकारी भरने का विकल्प मिलेगा। पोर्टल पर जानकारी जमा करने के बाद एक यूनिक आईडी जारी होगी, जिसे बाद में सर्वे टीम को दिखाना होगा।
जनगणना को लेकर प्रशासन ने जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। कर्मचारियों को डिजिटल ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि डेटा संग्रहण में किसी तरह की दिक्कत न आए। राज्य में यह पहली बार होगा जब इतनी बड़ी जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह तकनीक आधारित तरीके से करवाई जाएगी।