दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो मौजूदा विधायकों ने अपने पद और पार्टी से किनारा कर लिया है। इस्तीफा देने वाले नेताओं में सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा का नाम शामिल है। दोनों के अचानक लिए गए फैसले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

टिकटों की घोषणा के बाद सामने आई नाराजगी
आम आदमी पार्टी ने 31 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में कई मौजूदा विधायकों और नेताओं को चुनावी जिम्मेदारी दी गई, लेकिन सनौर और समाना के मौजूदा विधायकों को जगह नहीं मिली। इसके बाद दोनों नेताओं के पार्टी छोड़ने के फैसले को टिकट वितरण से जुड़ी नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्री पद से हटाए जाने के बाद बढ़ी थी दूरी
समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा पहले भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में बदलाव के दौरान उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। इसके बाद समाना क्षेत्र में पार्टी की ओर से नई राजनीतिक जिम्मेदारियां सौंपे जाने को लेकर भी उनकी नाराजगी की चर्चा रही। अब उनके इस्तीफे ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को फिर चर्चा में ला दिया है।
पठानमाजरा भी कई मुद्दों पर उठा चुके हैं सवाल
सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा का भी पार्टी नेतृत्व के साथ विवाद रहा है। उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर दिए गए बयानों के कारण वह लगातार सुर्खियों में रहे हैं। बाढ़ प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए थे। अब उनके इस्तीफे से पार्टी को एक और राजनीतिक झटका लगा है।
अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, इस पर नजरें
दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों नेताओं की अगली राजनीतिक रणनीति पर सभी की नजरें रहेंगी।
चुनाव से पहले पार्टी के लिए चुनौती
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लेकिन सूची जारी होने के तुरंत बाद दो मौजूदा विधायकों का पार्टी छोड़ना संगठन के लिए चुनौती बन सकता है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को कैसे संभालता है और इसका आगामी चुनाव पर कितना असर पड़ता है।