अकाली दल से गठबंधन की अटकलों पर लगा पूर्ण विराम
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दोबारा गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने विराम लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद गठबंधन की सुगबुगाहट तेज हुई थी, लेकिन पंजाब दौरे पर पहुंचे बीएल संतोष ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

कार्यकर्ताओं ने दी अकेले चुनाव लड़ने की सलाह
बीएल संतोष पंजाब के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन पटियाला और बठिंडा में जोनल बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जमीनी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पर अधिकांश ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन न करने और पार्टी को अपने दम पर मजबूत करने की राय दी। इसके बाद बीएल संतोष ने सभी 117 सीटों पर चुनावी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और पन्ना प्रमुख नियुक्त करने के निर्देश
पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। साथ ही, बूथ स्तर के ढांचे को दुरुस्त करने के लिए पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और वरिष्ठ नेताओं के प्रवास कार्यक्रम तय किए जाएं।
सिख बहुल इलाकों में जनाधार बढ़ाने के लिए रखड़ पूनियां में शक्ति प्रदर्शन
भाजपा अब पंजाब के सिख बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी स्वतंत्र मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। इसके तहत बाबा बकाला में ऐतिहासिक रखड़ पूनियां के अवसर पर पार्टी पहली बार अपनी स्वतंत्र राजनीतिक कॉन्फ्रेंस करने जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस रैली के जरिए भाजपा न केवल ग्रामीण इलाकों में जनाधार विस्तार करेगी, बल्कि अकाली दल को भी अपनी स्वतंत्र सियासी ताकत का अहसास कराएगी।
आज लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में बैठकें; राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेंगे रिपोर्ट
बीएल संतोष आज लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रूबरू होंगे। पूरे पंजाब दौरे की जमीनी समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी।